वेतन न मिलने से नाराज नीमच के स्वास्थ्य MTS कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp
Facebook

समरथ सेन
नीमच। जिले के विभिन्न शासकीय चिकित्सालयों, सामुदायिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) कर्मचारियों ने पिछले कई महीनों से वेतन न मिलने के विरोध में सोमवार को मोर्चा खोल दिया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. दिनेश प्रसाद को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही, स्वास्थ्य संचालक के नाम एक अन्य ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे को भी दिया गया।
सीटू (CITU) के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए बताया कि जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत MTS कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। वेतन के अभाव में इन कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और उनके परिवारों का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई व दैनिक जरूरतें पूरी करना बेहद मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों (जिनका प्रतिनिधित्व करते हुए ज्ञापन का वाचन बालकिशन खैर एवं लखन मेघवाल ने किया) ने बताया कि उनकी नियुक्ति 24 जनवरी 2026 को हुई थी। नियुक्ति के बाद से उन्हें केवल दो महीने का ही वेतन मिला है और तब से लगातार वेतन बकाया है। इस संबंध में पहले भी कई बार आला अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
MTS कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
लंबित वेतन का भुगतान: – सभी MTS कर्मचारियों का पिछले चार महीने का बकाया वेतन शीघ्र जारी किया जाए।
नियमितीकरण: – प्रत्येक माह की 10 तारीख तक नियमित रूप से वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
ठेका व्यवस्था में सुधार: –
आउटसोर्स कंपनियों के बीच चल रही सब-कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
बजट आवंटन: – समय पर पर्याप्त बजट का आवंटन सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल: –
इस दौरान मनासा, जावद एवं नीमच क्षेत्र से बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से लक्ष्मण सिंह चुंडावत, अनीता सेन, शिवानी राठौर, मेहरूनिशा, कन्हैया रावत, संजू शर्मा, मनोहर नागदा, मधु कुंवर, गोविंद शर्मा, आयुषी पटेल, पूजा सेन, और गोपाल राठौर सहित कई MTS कर्मचारी मौजूद थे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे ।

WhatsApp
Facebook
admin  के बारे में
For Feedback - krantikaarinews@gmail.com
WhatsApp Icon Telegram Icon