नीमच/मनासा। ग्राम भदवा, रतनपुरा, कड़ी आंजली एवं देवरी आंजली के किसानों ने वर्ष 2025 की खराब फसल का सर्वे नहीं किए जाने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित रखने के आरोप लगाते हुए कलेक्टर नीमच के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने ज्ञापन में संबंधित पटवारी के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रभावित किसानों को फसल बीमा/मुआवजा दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि वर्ष 2025 में अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक कारणों से उनकी सोयाबीन की फसल को करीब 90 प्रतिशत तक नुकसान हुआ था। किसानों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद समय पर फसल का निष्पक्ष सर्वे नहीं किया गया, जिसके कारण कई किसान फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित रह गए।
किसानों ने ज्ञापन में मौजा पटवारी दीपक पाल (धनगर), मोबाइल नंबर 8269356587 पर नामांतरण प्रकरणों में कथित रूप से ₹5,000 से ₹10,000 तक राशि मांगने तथा किसान सम्मान निधि पोर्टल पर मृत किसान के वैध वारिस का नाम दर्ज करने के लिए रिश्वत मांगने जैसे आरोप भी लगाए हैं। किसानों ने इन आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने कलेक्टर से वर्ष 2025 की सोयाबीन फसल के नुकसान का पुनः विशेष पंचनामा एवं सर्वे करवाकर फसल बीमा/मुआवजा राशि दिलाने, साथ ही संबंधित पटवारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन पर कमलालाल पटेल, नरेंद्रराज, गोपाल, लोमकारण, भारत, विष्णु, प्रेमसूर, गोविंदलाल, रमेश, रामनारायण सहित किसानों के हस्ताक्षर बताए गए हैं। बड़ी संख्या में किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से फसल बर्बाद होने के बाद भी यदि उन्हें बीमा और मुआवजे का लाभ नहीं मिलता है तो यह उनके साथ अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द राहत दिलाने की मांग की है।














