जयपुर। हवामहल विधानसभा के वार्ड 21 में सीवर की समस्या पर मोहसिन कुरैशी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया व हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। आप पार्टी के विनीत शर्मा व फिरोज कुरैशी ने बताया कि क्षेत्र मे दर्वेश नगर, अर्जुन कॉलोनी, गोविंद नगर समेत अनेक कालोनियां है, वहां पर पिछले 3 साल से आए दिन सीवर का पानी गलियों मे रहता है। इसके स्थाई समाधान को लेकर क्षेत्र में प्रदर्शन किया गया व हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। आप के अंसार खान व स्थानीय निवासी मो आरिफ ने बताया कि समस्या का मूल कारण सीवर लाइन का पास के नाले के गलत दिशा में जुडा होना है व लगभग 10 मीटर लाइन में बदलाव कर उसकी दिशा सही करने से क्षेत्र में आए दिन सीवर पानी की समस्या का समाधान हो सकता है। प्रदर्शन हस्ताक्षर के अभियान के दौरान मोहसिन कुरेशी, विनीत शर्मा, फिरोज कुरेशी, अंसार खान, मो आरिफ, मो आसिफ, सीताराम, रेखा देवी, सिराजुद्दीन, जिब्राइल खान, शरीफ आदि मौजूद थे।

















