कलेक्टर की पहल रंग लाई, 7 परिवारों को मिला रोजगार का सहारा, झाबुआ में अनुकंपा नियुक्ति शिविर का असर

WhatsApp
Facebook

झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा जिले में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं इसी क्रम में 12 जून 2026 को कलेक्टर कार्यालय झाबुआ में विभिन्न विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया था शिविर के दौरान आवेदकों को उनके प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पात्रतानुसार नियुक्ति प्रदान करने का आश्वासन दिया गया था।

कलेक्टर के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही करते हुए गुरुवार को 7 पात्र आवेदकों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

राजस्व विभाग (भू-संसाधन प्रबंधन) के अंतर्गत दिनेश भाबर को पटवारी पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई, जनजातीय कार्य विभाग के प्रकरण में सुश्री साक्षी त्रिपाठी पिता स्वर्गीय निर्मल त्रिपाठी को प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त जनजातीय कार्य विभाग में राजकुमार पिता स्वर्गीय बाबूलाल गरवाल,  अविनाश पिता स्वर्गीय  कन्हैयालाल कटारा, पियुष माता स्वर्गीय श्रीमती बसन्ती पारगी, श्रीमती जेमा पति स्वर्गीय पंकज गणावा तथा  राकेश पिता स्वर्गीय अमरसिंह डामोर को नियमित चतुर्थ श्रेणी भृत्य पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों में लंबित अन्य अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों को भी शीघ्र प्रस्तुत कर पात्रतानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि पात्र परिवारों को समय पर राहत एवं रोजगार का अवसर उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर  विजय कुमार मण्डलोई, एसएलआर पवन वास्केल तथा जनजातीय कार्य विभाग के सहायक संचालक जी.एस. देवहरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp
Facebook
admin  के बारे में
For Feedback - krantikaarinews@gmail.com
WhatsApp Icon Telegram Icon