WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn





इन जमीनों पर बने संदीपनी स्कूल और फुटबॉल एकेडमी

नीमच। नगर पालिका परिषद का विशेष सम्मेलन 7 सितम्बर को होना है। इसमें लाए जा रहे प्रस्ताव क्रमांक 13 और 22 नगर हित के खिलाफ हैं। आम आदमी पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है।
     आप के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा की  प्रस्ताव क्रमांक 13 – अमृत गार्डन को नगर वन बनाना – गलत निर्णय है। सेंट्रल स्कूल के पीछे 25 अमृत गार्डन पर लाखों रुपए खर्च हो चुके हैं, पर नपा की लापरवाही से आज तक गार्डन नहीं बन पाया। अब लीपापोती के लिए इसे नगर वन बताया जा रहा है। जबकि वह जमीन संदीपनी स्कूल के लिए सबसे उपयुक्त विकल्प है। बगल की कृषि उपज मंडी डूंगलावदा शिफ्ट हो चुकी है। मंडी और गार्डन की जमीन को मिलाकर आसानी से भव्य संदीपनी स्कूल बन सकता है। पास में CRPF के लाखों पेड़ पहले से ही ऑक्सीजन दे रहे हैं, इसलिए यहां नगर वन का कोई औचित्य नहीं। इस जमीन को फुटबॉल एकेडमी के लिए भी उपयोग किया जा सकता है, जो नीमच की नई पहचान बनेगी।
          अग्रवाल ने कहा  की एक और प्रस्ताव क्रमांक 22 – गुप्ता नर्सिंग होम के पास आवासीय कॉलोनी  बनाने का है जो आने वाली पीढ़ी का  भविष्य बर्बाद कर देगी:.खसरा नं. 11/39 की यह जमीन पूरी तरह विवाद-मुक्त है। यहां सांदीपनि स्कूल और साथ में एक बड़ा खेल मैदान दोनों बन सकते हैं। नीमच पहले ही कंक्रीट का जंगल बन गया है। अगर रहवासी क्षेत्र में भी खुली जगह नहीं छोड़ी तो आने वाली पीढ़ी को सांस लेने के लिए जगह नहीं मिलेगी। जब तक संदीपनी स्कूल का स्थान फाइनल नहीं होता, इस प्रस्ताव को रोका जाए।

नगर वन बनाना है तो अन्य वैकल्पिक  जगह पर बनाओ:*
              अग्रवाल ने कहा, नगर पालिका को नगर वन बनाना है तो संजीवनी नाले का अतिक्रमण हटाए। किलेश्वर मंदिर से रावण रुंडी तक यह ऐतिहासिक नदी थी, जो नपा की नाकामी और सीवर लाइन फेल होने से गंदा नाला बन गई है। इसी नदी के दोनों किनारों को अतिक्रमण मुक्त  कर नगर वन विकसित किया जाए तो पूरे शहर को फायदा होगा। निर्माणाधीन फोरलेन पर ग्रीन बेल्ट की जगह पर  बाउंड्रीवाल बनाकर सुरक्षित कर  छोटे छोटे  नगर वन बनाये  जा सकते  है। लेकिन भू माफियाओं को बचाने के लिए नपा अपनी नाकामी छिपा रही है। पहले श्वेत नीमच के नाम पर चंपा के हजारों पौधे लगाने का ढोंग किया, आज उनका कहीं  अता-पता नहीं।
         आम आदमी पार्टी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से मांग करती है की नगर पालिका परिषद प्रस्ताव क्रमांक 13 और 22 को तत्काल निरस्त करे और  एक प्रस्ताव अमृत गार्डन की जमीन पर संदीपनी स्कूल के लिए लाए और  दूसरा प्रस्ताव खसरा 11/39 पर फुटबॉल एकेडमी और खेल मैदान के लिए लाए।

WhatsApp Icon Telegram Icon