चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मनासा में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn




मनासा, 8 अक्टूबर। चुनाव आयोग से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी, सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा जी एवं विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा 8 अक्टूबर को काला दिवस मनाया गया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोर्ट परिसर, मनासा के सामने एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक पुतले का दहन कर केंद्र सरकार एवं चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को सुनना और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जनप्रतिनिधियों को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग देश के लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता पर जनता का विश्वास कायम रहना आवश्यक है। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शिता और संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि विपक्ष की आवाज को दबाकर।

पुतला दहन के पश्चात कांग्रेसजनों ने अनुविभागीय अधिकारी, मनासा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति जी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को पदमुक्त करने सहित चुनाव आयोग की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं संवैधानिक गरिमा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए है। कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता के मत की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, मंडलम कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Share this...
WhatsApp Icon Telegram Icon